महराजगंज, 17 अप्रैल 2026। महिला थाना जनपद महराजगंज की मिशन शक्ति टीम द्वारा पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज, शास्त्री नगर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं एवं महिलाओं को समाज में बढ़ रहे महिला संबंधित अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और बलात्कार के प्रति सजग रहने तथा उनसे निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं साइबर हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही, लड़कियों के घर से भागने की घटनाओं से उत्पन्न होने वाली समस्याओं, चुनौतियों और उनके सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही 112, 1090, 102 और 181 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

