महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से पांच की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

महाराष्ट्र: आज सुबह महाराष्ट्र में बड़ा हादसा हो गया। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर एक कार ने दूसरे वाहन को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि यह घटना मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली इलाके की है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई तो तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों गाड़ियों की रफ्तार तेज थी। फिलहाल, मौके पर पुलिस मौजूद है। इस बीच हादसे के बाद हाइवे पुलिस वहां पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद देवदूत, आईआरबी, बोरघाट पुलिस और अन्य एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे से चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया तो एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायल व्यक्तियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मरने वाले सभी यात्री एक ही परिवार के हैं।