महराजगंज के पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, जन-सुनवाई को पारदर्शी बनाने और पुलिस की छवि को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से एक बड़ी कार्रवाई की गई है। आम जनता से गलत व्यवहार करने, राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने तथा उच्चाधिकारियों को भ्रामक सूचना देकर गुमराह करने के आरोपों के दृष्टिगत प्रभारी निरीक्षक श्यामदेऊरवा, निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, जनता के प्रति असंवेदनशील रवैया और राजकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हर पुलिसकर्मी का यह परम कर्तव्य है कि वह आम जनता से शिष्टतापूर्वक व्यवहार करे और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे, साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी लापरवाही पाए जाने पर इसी प्रकार की कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
