लखनऊ: लेखराज मेट्रो स्टेशन की रेलिंग से एक युवक ने कूद कर खुदकुशी करने का किया प्रयास, लोहिया अस्पताल मे हालत नाजुक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लेखराज मेट्रो स्टेशन की रेलिंग से शुक्रवार सुबह एक युवक कूद कर खुदकुशी करने का प्रयास किया है। युवक मेट्रो स्टेशन की रेलिंग पर से कूद गया। जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। युवक को देख इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक को आनन-फानन मे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर रामेश्वर कुमार के मुताबिक युवक का नाम अंकित सिंह है। मूल रूप से अमौसी स्टेशन के पास का रहने वाला है। शुक्रवार को सुबह 11 बजकर 04 मिनट के करीब युवक मेट्रो से उतर कर रेलिंग पर चढ़ गया। करीब 24 मिनट रेलिंग पर बैठने के बाद छलांग लगा दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने काफी रोकने का प्रयास किया लेकिन उन्हें धक्का देकर छलांग लगा दी।

प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक घायल अवस्था में युवक को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक के पिता ज्ञान सिंह को सूचना दे दी गई है। द्वारा आत्महत्या करने की कोशिश करने का कारण अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जाँच की जा रही है।