ताजमहल: ताजनगरी मे आगरा नगर निगम में आज ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का प्रस्ताव होगा पेश

ताजमहल: भारत के उत्तर प्रदेश राज्य में, आगरा शहर में यमुना नदी के किनारे पर मौजूद मोहब्बत की निशानी ताजमहल सात अजुबो मे से एक है, ताजमहल कई बार विवादों में घिरी है। बता दें कि हिंदूवादी संगठन लगातार ताजमहल को तेजो महालय बताते आ रहे हैं।

इसे लेकर कई बार विवाद भी खड़ा हो चुका है। इस बीच खबर है कि ताजनगरी में साढ़े चार साल में 80 से ज्यादा सड़कों और चौराहों के नाम बदलने वाले आगरा नगर निगम में बुधवार को ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का प्रस्ताव लाया जाएगा।

ताजगंज के भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर आज दोपहर तीन बजे से होने वाले नगर निगम सदन के अधिवेशन में यह प्रस्ताव पेश करेंगे। पार्षद राठौर का कहना है कि उन्होंने प्रस्ताव संख्या 4(7) में इसके संबंध में कई तथ्य रखे हैं, जिनके आधार पर नाम बदलने का प्रस्ताव सदन के सामने रखा जाएगा।

पार्षद शोभाराम राठौर के मुताबिक मुगल रोड, घटिया आजम खां समेत कई सड़कों, चौराहों के नाम बदले गए हैं। इसलिए अब वक्त आ गया है कि ताजमहल का नाम भी बदलकर तेजो महालय किया जाए। वह ऐतिहासिक तथ्यों को सदन में रखेंगे और नाम बदलने पर समर्थन मांगेंगे।