
जनपद महराजगंज के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां गलत इंजेक्शन लगाने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ग्राम कटहरा खास टोला उसरहवा की है। जानकारी के अनुसार, किशोरी के पैर में फोड़ा-फुंसी होने पर परिजन उसे गांव के ही एक कथित डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले गए थे। आरोप है कि बिना किसी वैध चिकित्सकीय योग्यता के आरोपी ने किशोरी को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही समय बाद किशोरी की हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाना में मुकदमा संख्या 216/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी कटहरा टोला उसरहवा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मात्र छठवीं पास है और बिना किसी डिग्री के इलाज कर रहा था।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इलाज के लिए केवल योग्य और पंजीकृत डॉक्टरों के पास ही जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।