भारत जोड़ो यात्रा: भारत जोड़ों यात्रा का आज 56 वां दिन, पूनम कौर के बाद कुछ देर के लिए यात्रा में शरीक हुईं पूजा भट्ट, मिलाया कदम

भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जारी है, तेलंगाना में यह पिछले करीब एक सप्ताह से भ्रमण कर रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का आज 56 वां दिन है। राहुल की नेतृत्व में जारी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से फिर शुरू हुई। यात्रा में फिल्म अभिनेत्री व निर्माता पूजा भट्ट भी कुछ देर के लिए शरीक हुईं।

इससे पहले अभिनेत्री पूनम कौर भी राहुल गांधी के साथ यात्रा में शरीक हुई थीं। राहुल गांधी और पूनम कौर की एक तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए नजर आ रहे थे। इस तस्वीर को लेकर सियासत गरमा गई थी। कर्नाटक भाजपा की नेता प्रीति गांधी ने तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा था ‘अपने परदादा के पदचिह्नों पर चलते हुए!’ इस ट्वीट को लेकर प्रीति गांधी की कड़ी आलोचना हुई थी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को हैदराबाद की पहचान चार मीनार के सामने तिरंगा फहराया था। करीब 32 साल पहले उनके पिता और तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राजीव गांधी ने भी उसी स्थान से ‘सदभावना यात्रा’ की शुरुआत की थी। राहुल गांधी ने जब राष्ट्रीय ध्वज फहराया तब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, वरिष्ठ पार्टी नेता दिग्विजय सिंह, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी भी मौजूद थे।
भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु़ के कन्याकुमारी से 7 सितंबर 2022 को शुरू हुई है। यह तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश से गुजरते हुए तेलंगाना पहुंच चुकी है। करीब 150 दिन चलने वाली यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में खत्म होगी। इस यात्रा को बड़ा समर्थन मिल रहा है।