एनसीआरबी आंकड़े: NCRB आंकड़े को लेकर अखिलेश यादव बोले- महिला अपराध, दहेज हत्या और दलित उत्पीड़न के मामले में यूपी अव्वल

एनसीआरबी: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने वर्ष 2021 के जो आंकड़े पेश किए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। यूपी महिला अपराध, दहेज हत्या और दलित उत्पीड़न के मामले में देश में नंबर वन है। इस बात पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा झूठी पार्टी है। कैबिनेट की ब्रीफिंग में भी झूठ बोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों से यूपी की स्थिति स्पष्ट हो रही है।

पार्टी मुख्यालय में उन्होंने कहा कि अब लेन-देन का भ्रष्टाचार थाने से तय हो रहा है। दुकानदारों और ठेले वालों से भी वसूली हो रही है। भाजपा के लोग हर बुरे काम और अपराध में लिप्त हैं। नोएडा में एक भाजपा नेता ने तो पूरी पार्टी के नेताओं के चरित्र की पोल खोल दी है। अखिलेश ने नोएडा पुलिस कमिश्नर पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का खास अधिकारी नोएडा को लूट रहा है।

उन्होंने कहा कि यूपी में महिला अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। यही नहीं हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें यूपी में हुई हैं। महिला अगर शिकायत लेकर थाने जाती है तो उसका सुरक्षित लौटना मुश्किल हो गया है। इसके बाद भी भाजपा सरकार सब दुरुस्त होने का दावा कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों और युवाओं को धोखा दे रही है। भाजपा सरकार ने दूसरों की इमेज खराब करने और झूठ बोलने के लिए आईटी प्रोफेशनल रख रखे हैं। जिनकी ऊर्जा अच्छे काम में लगनी चाहिए थी, वे भाजपा के झूठ में खप रहे हैं।