
महराजगंज की ठूठीबारी थाना पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी के निर्देश पर तस्करी रोकने के लिए चलाई जा रही चेकिंग के दौरान, गड़ौरा पिकेट के पास सब इंस्पेक्टर दिनेश सिंह यादव, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार गौड़ और कांस्टेबल दिलीप यादव ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। जांच करने पर बाइक संख्या यूपी 56 वी 8905 पर दो बड़े गैलन मिले, जिनमें कुल 120 लीटर अवैध डीजल भरा हुआ था। पकड़े गए युवक की पहचान 24 वर्षीय प्रेमसागर गुप्ता के रूप में हुई है, जो परसामलिक थाने के अहिरौली मदरा गांव का रहने वाला है और इंटरमीडिएट पास है। पुलिस ने डीजल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ ठूठीबारी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।