यूपी: दुर्गा पंडाल में हाइलोजन लाइट से लगी आग, एक ही परिवार के 6 लोग झुलसे, दादी समेत 2 पोतों की मौत, आयोजकों पर दर्ज हुआ मुकदमा

भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के नरथुआ में रविवार रात पूजा पंडाल में भीषण आग लग गई, लगी भीषण आग में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 64 लोग झुलस गए। इनमें से 20 की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। दुर्गा पंडाल में भीषण आग ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया।

भदोही अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोग झुलस गए। इनमें से दादी जय देवी सहित दो पोते सुजन और नवीन की मौत हो गई है। वहीं तीन अन्य अभी अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी जय देवी दो नातियों संग परिवार के छह सदस्यों के साथ दुर्गा पूजा की आरती देखने पहुंची थीं। पूजा पंडाल में रात करीब नौ बजे आरती हो रही थी। तभी अचानक आग लग गई। आग की चपेट में पूरा पंडाल आ गया। आग लगने के बाद पंडाल के अंदर भगदड़ मच गई।

घटना में जया देवी के परिवार के छह सदस्य झुलस गए। अस्पताल में उपचार के दौरान जयदेवी (60) उनके पोते सुजम ऊर्फ सिद्धांत (9) और नवीन (10) की मौत हो गई। सुजम एकलौता था। उसके पिता अवधेश की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी तीन बहनें भी हादसे में झुलस गई हैं। उनकी भी हालत इस समय चिंताजनक बताई जा रही है। सोमवार सुबह से परिवार को ढाढस बंधाने वालों का तांता लगा रहा तो दूसरी ओर परिजनों के आंसू नहीं थम रहे थे।

भीषण अग्निकांड के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने का कारण हाइलोजन लाइट का गर्म होना था। हाइलोजन लाइट के गर्म होने के कारण आग लग गई। सोमवार सुबह पुलिस ने दुर्गा पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप उर्फ बच्चा यादव के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा समिति के 20 से अधिक अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया। बच्चा यादव हादसे के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।