नगर निगम चुनाव: सपा नगर निगमों में परचम फहराने के लिए तैयारियों में जुटी सपा, प्रदेश अध्यक्ष बोले- पार्टी पूरी सक्रियता से लड़ेगी

नगर निगम चुनाव: समाजवादी पार्टी ने नगर निगमों में परचम फहराने के लिए दिग्गज मंत्रियों और कद्दावर नेताओं को कमान सौंपी है। लखनऊ में हुए सम्मेलन में प्रदेश व राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद अब समाजवादी पार्टी नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के चुनाव को पार्टी पूरी सक्रियता से लड़ेगी। इसके लिए प्रभारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दे दिए गए हैं।

प्रत्याशियों के चुनाव के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। सभी नगर निगम प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में जाएं और चुनाव को लेकर रणनीति तय करें। नगर कमेटी भंग होने की वजह से हर जगह तीन सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी, जो वार्ड सदस्य पद के तीन-तीन उम्मीदवार चुनेगी। फिर विधायकों से चर्चा के बाद इनमें से मेरिट के हिसाब से उम्मीदवार तय होंगे।

सपा में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष चुने जा चुके हैं लेकिन अभी तक अन्य कमेटियों का गठन नहीं किया गया है। नगर निगम चुनाव को देखते हुए पार्टी की ओर से दो माह पहले प्रभारी नियुक्त किए गए थे। खास बात यह है कि हर नगर निगम में दो से तीन विधायकों को प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये प्रभारी संबंधित जिलों के बजाय दूसरे जिलों के हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा होने के बाद अब पार्टी नगर निगम चुनाव पर फोकस कर रही है।