
महराजगंज के सिन्दुरिया थाने की पुलिस ने बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने और डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब सिन्दुरिया के रहने वाले सत्यदेव चौहान ने पुलिस को शिकायत दी कि जानकी नाम की महिला ने पहले उनके भाई और एक रिश्तेदार पर अपनी नाबालिग बहन से रेप का झूठा केस दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवा दिया। इसके बाद वह सत्यदेव और उनके बहनोई को भी इसी तरह के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी।
जानकी ने केस न करने के बदले में उनसे 40 हजार रुपये वसूल लिए थे और अब एक-एक लाख रुपये की और मांग कर रही थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से 5,200 रुपये नकद, कान की बाली और एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक 24 साल की यह महिला बीए सेकंड ईयर की छात्रा है और उस पर पहले भी घुघली थाने में इसी तरह का एक मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।