दिल्ली: मुलायम के स्वास्थ्य में गिरावट, किडनी में संक्रमण बढ़ा, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मुलायम सिंह यादव: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत मे गिरावट दर्ज की गई है। वह वेंटिलेटर पर ही हैं। गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी हॉस्पिटल  ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया। मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य में और गिरावट दर्ज की गई है। उन्हें किडनी में संक्रमण की समस्या बढ़ गई है। इसके बाद उन्हें इस समस्या के संबंध में सबसे एडवांस सपोर्ट पर रखा गया है और उपचार किया जा रहा है। वह डाक्टरों की सघन निगरानी में हैं।

इस बीच शुक्रवार को यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों और डॉक्टरों से बात की और विश्वास जताया कि सपा संरक्षक जल्द स्वस्थ होंगे। वहीं, पिता की सेहत की जानकारी लेने अखिलेश यादव भी अस्पताल पहुंचे हैं। मुलायम सिंह के पुत्र अखिलेश अस्पताल में हीं डेरा डाले हुए हैं।

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ट्वीट किया कि आज मेदांता पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री मुलायम सिंह यादव जी के स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना तथा परिजनों से भेंटकर नेता जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन हेतु कामना की।

मेदांता मेडिसिटी हॉस्पिटल सूत्रों के मुताबिक, उनकी किडनी में संक्रमण फैल गया है। इसकी वजह से शरीर में क्रिएटनिन लेवल बार-बार अनियंत्रित हो रहा है। ऐसे में सामान्य डायलिसिस की जगह उन्हें एडवांस कन्टिन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी (सीआरआरटी थेरेपी) सपोर्ट पर रखा गया है। यह थेरेपी किडनी खराब होने पर सामान्य डायलिसिस के इलाज से बेहतर होती है।

इससे पहले मुलायम सिंह यादव के परिवार वालों ने अपील की थी कि नेताजी ठीक हैं। यहां अस्पताल में उनसे मिलने न आएं। कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ को देखते हुए अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गई है।