मिग 29K: भारतीय नौसेना का लड़ाकू विमान MiG 29K लड़ाकू विमान एक बेहद उन्नत विमान है जो किसी भी मौसम में उड़ान भर सकता है। पर इस बीच खबर आ रही हैं कि बुधवार को गोवा में भारतीय नौसेना का लड़ाकू विमान मिग 29K दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस घटना में पायलट सुरक्षित है। खबरों के अनुसार, दुर्घटना से ठीक पहले यह लड़ाकू विमान अपने बेस की ओर लौट रहा था। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय नौसेना ने जांच समिति का गठन कर दिया है। बताया जा रहा है कि नौसेना का यह मिग-29के लड़ाकू विमान नियमित उड़ान पर था।
नौसेना की ओर से ट्विटर पर साझा की गई जानकारी में बताया गया है कि यह लड़ाकू विमान गोवा के समुद्री तट के ऊपर नियमित उड़ान पर था। तभी इसमें किसी तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद पायलट अपने बेस स्टेशन की ओर लौटने लगा। इसी दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट ने दुर्घटना के ठीक पहले खुद को सकुशल इजेक्ट कर लिया था।
उल्लेखनीय है कि दुनिया में मिग 29K लड़ाकू विमान का इस्तेमाल सिर्फ भारतीय नौसेना ही करती है। यह ध्वनि से दोगुनी रफ्तार (2000 किमी प्रतिघंटा) पर उड़ सकता है। यह अपने वजन से आठ गुना ज्यादा भार ले जाने में सक्षम है और 65000 फीट की ऊंचाई पर उड़ सकता है। सुरक्षा के मामले में मिग-29K का रिकार्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। इसीलिए नौसेना कोच्चि में आईएनएस विक्रांत से संचालन के लिए 25-26 विदेशी लड़ाकू विमानों की खरीद पर विचार कर रहा है।
