महाराजगंज: महाराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास मांस फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 13 साल के एक नाबालिग को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिसवा उर्फ खोरिया बाजार निवासी सोनू मोदनवाल ने शिकायत दी थी कि 19 अप्रैल की रात करीब 9 बजे गांव के शिव मंदिर के पास किसी ने मुर्गे का मांस फेंक दिया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि यह काम एक 13 वर्षीय नाबालिग ने किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे संरक्षण में लिया और उसके माता-पिता को सख्त चेतावनी दी।
पुलिस ने यह भी साफ किया है कि मांस का टुकड़ा मंदिर के अंदर नहीं बल्कि बाहर पाया गया था। यह घटना दो दिन पुरानी है और फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के मुताबिक इलाके में स्थिति पूरी तरह शांत और सामान्य है। किसी तरह का तनाव नहीं है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।