महाराजगंज में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली और रास्ते भर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोर, गद्दी छोड़” समेत कई नारे लगाए और सरकार पर भ्रष्टाचार तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक पर रोक लगाने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और युवाओं के हितों की रक्षा करने की मांग की। इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


