महराजगंज में साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जहां पुलिस ने तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में मोबाइल, सिम कार्ड और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। महाराजगंज पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर साइबर सेल, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई को सोनौली थाना क्षेत्र से इस संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खीरी जिले के रहने वाले सुनील, रोहित कुमार और मोहम्मद अकील के रूप में हुई है जो आठवीं और नौवीं तक पढ़े हुए हैं और पिछले काफी समय से सक्रिय थे। पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया है कि ये लोग इलाके में मोबाइल लोकेशन बदलकर सक्रिय सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे और लोगों को तरह-तरह के लुभावने सपने दिखाकर उनके साथ ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से तीन चालू मोबाइल फोन, सात एक्टिव सिम कार्ड, तीन एयरटेल, वोडाफोन और जियो के बंद पड़े सिम कार्ड, 79 नए बिना चालू किए गए सिम कार्ड और तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। इन सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और भारतीय दूरसंचार अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
