सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर शेयर करने वाले 22 साल के युवक फैयाज अहमद को परसामलिक थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जुर्म की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवां के क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, सेवतरी गांव का रहने वाला फैयाज अहमद सोशल मीडिया पर एक सनसनीखेज और भड़काऊ वीडियो वायरल कर रहा था, जिससे इलाके का माहौल खराब होने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-निरीक्षक पवन कुमार, सिपाही जितेश कुमार और रोशनमणी त्रिपाठी की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए कानून (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) की धारा 170, 126 और 135 के तहत चालान कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट भेज दिया है।
