
महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाने की पुलिस ने बिशुनपुर अदौना गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम को यह कामयाबी मिली है। पकड़े गए आरोपियों में बिशुनपुर अदरौना गांव का रहने वाला 42 साल का योगेंद्र और उसका भाई 32 साल का महेंद्र शामिल है। पुलिस इन दोनों के खिलाफ कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करके इन्हें अदालत में पेश कर रही है। वहीं पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस मामले में फरार चल रहे बाकी आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।