क्रिकेट: आज के ही दिन टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह ने 15 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में जड़े थे 6 छक्के

युवराज सिंह: टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह आज ही के दिन (19 सितंबर) साल 2007 में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले टी20 खिलाड़ी बने थे। आज ही के दिन 15 साल पहले टी-20 क्रिकेट में पहली बार पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने लगातार छह छक्के उड़ाए थे। इस मैच के बाद ही युवराज सिंह को सिक्सर किंग का नाम मिला था। युवराज ने एक ही ओवर में 6 छक्के लगाए थे और इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली थी।

युवराज की इस पारी को आज 15 साल पूरे हो गए हैं। युवी ने आज के दिन ही 2007 में यह कारनामा किया था। 2007 टी20 विश्व कप के एक मैच में युवराज और इंग्लैंड के खिलाड़ी के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद युवी उत्तेजित नजर आ रहे थे। युवी क्रीज पर थे और इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड गेंदबाजी के लिए आए। युवराज ने उनके ओवर की शुरुआती दो गेंदों में छक्के लगा दिए।

युवराज से बहस करने वाला खिलाड़ी शांत हो गया था, लेकिन युवी ने तीसरी गेंद पर भी छक्का लगा दिया। इसके बाद इंग्लैंड की पूरी टीम गेंदबाज के पास पहुंच गई। सभी ने कुछ समझाया, लेकिन युवी ने चौथी गेंद पर भी छक्का लगा दिया। इसके बाद सभी ने मान लिया कि आज एक ओवर में छह छक्के लगने वाले हैं और हुआ भी वैसा ही। युवराज ने इस मैच में सिर्फ 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था और 16 गेंदों में 58 रन बनाए थे। उनका यह रिकॉर्ड अब तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है।

अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने की रिकॉर्ड युवी के नाम है। युवराज ने 2011 वनडे विश्व कप में भी कमाल का प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस विश्व कप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के बाद युवराज को कैंसर की शिकायत हुई और इसके बाद उनका करियर कभी पहले जैसी रफ्तार नहीं पकड़ पाया और 2019 में उन्होंने संन्यास का एलान किया। इन दिनों युवराज सिंह अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। पिता बनने के बाद युवी बच्चे की देख-रेख करने में पत्नी हेजल कीच की मदद कर रहे हैं।