


महराजगंज में अवैध खनन और उसके काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान के निर्देश पर भिटौली थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध रूप से मिट्टी और राबिस ढोते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मामला गुरुवार का है, जब पुलिस टीम भिटौली इलाके के बसवार नूतन गांव के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तीन ट्रैक्टरों को रोककर जब पुलिस ने बालू और खनन से जुड़े कागज मांगे, तो ड्राइवरों के पास कोई भी वैध परमिट या दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तीनों गाड़ियों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया और आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग को रिपोर्ट भेज दी। पकड़े गए वाहनों में राजेंद्र का ट्रैक्टर (UP 56 AU 7839) जिस पर मिट्टी लदी थी, महेंद्र का ट्रैक्टर (UP 56 BH 0164) और तूफानी का ट्रैक्टर (UP 56Z 7395) शामिल हैं, जिन पर राबिस लदा हुआ था। इस पूरी कामयाबी में भिटौली थाने के सब-इंस्पेक्टर वृन्दावन यादव और कांस्टेबल विवेकानंद सिंह की मुख्य भूमिका रही।