महराजगंज जनपद के थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में एक महिला का आंशिक रूप से जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही महिला की पहचान कर ली जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या का मामला है या कोई अन्य कारण। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत थाना श्यामदेउरवा या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
