शोक: मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का हुआ निधन, CM योगी ने जताया शोक, मुलायम के आवास पर पहुंचे अखिलेश यादव

शोक: शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया। सपा सहित विपक्ष के नेताओं ने उनकी मृत्यु पर शोक जताया है। वह करीब 65 वर्ष की थीं और शुगर सहित कई अन्य बीमारियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका शव एयरलिफ्ट कर लखनऊ लाया जाएगा।

मुलायम ने 2003 में साधना गुप्ता को पत्नी माना था। उनके बेटे प्रतीक यादव हैं। प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गईं थीं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, मुलायम सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं व कई वरिष्ठ नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है।

यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने निधन पर शोक जताया है। केशव ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दे और मुलायम सिंह यादव व उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!