


महराजगंज में अब सड़क पर तेज रफ्तार और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, क्योंकि पुलिस ने संभाल ली है हाईटेक मोर्चाबंदी। महाराजगंज में सोमवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय परिसर से एक नए और आधुनिक इंटरसेप्टर पुलिस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह गाड़ी किसी सामान्य पुलिस वाहन जैसी नहीं है बल्कि आधुनिक तकनीक के कई बड़े उपकरणों से लैस है, जिससे अब हाईवे पर फर्राटा भरने वाले लापरवाह चालकों पर सीधी नजर रखी जाएगी। इस गाड़ी में लगे स्पीड रडार गन से पलक झपकते ही गाड़ियों की रफ्तार नाप ली जाएगी, वहीं ब्रीथ एनालाइजर से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की तुरंत जांच होगी और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी एएनपीआर कैमरे से संदिग्ध गाड़ियों की पहचान मिनटों में हो जाएगी। यह हाईटेक वाहन सीधे पुलिस के डेटाबेस से जुड़ा है जिससे गाड़ी और उसके मालिक की पूरी कुंडली तुरंत सामने आ जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस नई पहल से महराजगंज की सड़कों पर सड़क हादसे कम होंगे, यातायात के नियमों का लोग सख्ती से पालन करेंगे और हाईवे पर सफर करने वाले आम लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच सकेंगे।