कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव: चुनाव प्रचार के लिए दक्षिण भारत पहुंचे शशि थरूर, बोले- युवाओं से भारी मात्रा में प्रतिक्रिया और समर्थन मिल रहा

कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव: आगामी कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर तैयारियों का दौर जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर चुनाव प्रचार के लिए गुरुवार को चेन्नई पहुँचे, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पार्टी में युवाओं की भागेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस को युवा भारत की पार्टी में बदलना चाहते हैं। तिरुवनंतपुरम से सांसद ने चेन्नई में एक अध्यक्ष पद चुनाव के प्रचार के दौरान कहा कि उनकी पार्टी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और अध्यक्ष पद के चुनाव को किस तरह से देखती है, यह सबसे ज्यादा मायने रखता है।

इस पर बाहर के लोग क्या सोचते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव 17 अक्तूबर को होने हैं। चुनावी मैदान में थरूर का मुकाबला मल्लिकार्जुन खरगे से है।पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज को यहां पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा कि उन्हें आम पार्टी कार्यकर्ताओं, खासकर युवाओं से भारी मात्रा में प्रतिक्रिया और समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत खुशी की बात है कि जो युवा भविष्य हैं और हमारे देश में बहुसंख्यक भी हैं, उन्होंने चुनाव में उनका समर्थन किया है। हमारी आबादी का 65 प्रतिशत हिस्सा 35 वर्ष और उससे कम आयु के लोगों का है। यह उनका देश है, यह एक युवा भारत है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पार्टी के वरिष्ठों ने भी उन्हें अपना समर्थन देने का वादा किया है। थरूर ने बताया कि उन्हें आज अपने गृह राज्य केरल में एक 91 वर्षीय प्रतिनिधि का फोन आया, जिन्होंने कहा कि वे युवा तो नहीं हैं, लेकिन थरूर में भविष्य को देखते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि कांग्रेस युवा भारत की पार्टी बने। मैं युवा भारत की आकांक्षाओं, सपनों और आशाओं का प्रतिनिधित्व करना चाहता हूं, जैसा कि राजीव गांधी ने 40 साल पहले करने का प्रयास किया था और दूरसंचार और आईटी क्रांति की शुरुआत में सफल हुए थे। मैं युवाओं का समर्थन पाकर बहुत खुश हूं।