महाराजगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। नौतनवा क्षेत्र का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक चलती हुई स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले का तुरंत संज्ञान लिया और स्टंट कर रहे युवक प्रिंस मद्वेशिया की पहचान की। युवक सोनौली थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर का रहने वाला है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी का 50,000 रुपये का भारी-भरकम चालान काटा है और वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया है। पुलिस ने आम जनता को साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन और सड़कों पर स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मशहूर होने के चक्कर में नियमों को न तोड़ें, क्योंकि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

