यूपी: सीएम योगी का नोएडा दौरे का आज दूसरा दिन, लाखों लोगों को मिलेगी राहत, सात सौ करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा दौरे का आज दूसरा दिन है। ऐसे में सीएम योगी यहां एक के बाद एक बड़ी सौगात दे रहे हैं। बीते रविवार को उन्होंने डेटा सेंटर का लोकार्पण किया l इसके बाद मंगलवार यानी आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यूपीसीडा की 1670 करोड की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

आज यातायात जाम की समस्या से शहर को निजात दिलाने के लिए मंगलवार मुख्यमंत्री दो अंडरपास और एक लिंक रोड का तोहफा देने जा रहे है, जिसका लोकार्पण ग्रेटर नोएडा से करेंगे। इसमें नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे स्थित कोंडली गांव पर बनाया गया अंडरपास और फरीदाबाद नोएडा गाजियाबाद (एफएनजी) स्थित बहलोलपुर अंडरपास शामिल है।

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिसरख के रास्ते आने जाने के लिए सोहरखा गांव के बाहर लिंक रोड शामिल है। इससे इस रास्ते आने जाने वाले नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को राहत मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण ने सात सौ करोड़ से अधिक लागत से सात परियोजनाओं को पूर्ण किया है, जिसका लोकार्पण मंगलवार को मुख्यमंत्री की ओर से किया जाएगा। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में वाटर वीक का उद्घाटन करेंगी।