उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की कोतवाली पुलिस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग पाउच में कुल 69.90 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद की गई स्मैक में से एक पाउच में 41.20 ग्राम और दूसरे में 28.70 ग्राम स्मैक मिली है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोहिया नगर के रहने वाले 26 साल के करन मणि त्रिपाठी और गोरखपुर के ट्रांसपोर्ट नगर की रहने वाली 28 साल की मनीषा निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक करन मणि त्रिपाठी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर मारपीट व एससी-एसटी एक्ट जैसी धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के तहत दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया है। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव समेत स्वाट और एसओजी की टीम शामिल रही।

