महराजगंज। जिला अस्पताल के सामने मंगलवार देर शाम ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सात मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापेमारी की। नशीली दवाओं के कथित भंडारण व बिक्री, संदिग्ध दवाओं और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई। छापेमारी की खबर से आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने इंदु फार्मा, विकास फार्मा, दिव्य फार्मा, ओम प्रगति फार्मा, प्रगति फार्मा, गीतांजलि मेडिकल और अनुष्का मेडिकल स्टोर की जांच की। अधिकारियों ने दुकानों में मौजूद दवाओं के स्टॉक का मिलान खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड से किया। इस दौरान अलग-अलग दवाओं के सैंपल लिए गए। साथ ही बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेख जांच के लिए कब्जे में लिए गए। कार्रवाई के दौरान सीओ सदर अंकुर गौतम और ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार मौजूद रहे। पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि ड्रग विभाग के अधिकारियों ने दवाओं और दस्तावेजों की जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई से जिला अस्पताल के आसपास काफी हलचल रही। बताया गया कि महराजगंज शहर में कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आगे की जांच के लिए अन्य क्षेत्र की ओर रवाना हुई। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







