महराजगंज। जनपद में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के निवासी प्रभात विश्वकर्मा से ऑनलाइन माध्यम से एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना श्यामदेउरवा की साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और विधिक प्रक्रिया के तहत तेजी से कार्रवाई शुरू की। टीम के लगातार प्रयास और पीड़ित की सजगता के चलते ठगी गई रकम में से 95 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस कराए गए।
इस सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक अक्षय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए ओम प्रकाश, कांस्टेबल राजकुमार और महिला कांस्टेबल अनीता पाण्डेय की अहम भूमिका रही।
महराजगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहें।
