सूर्यग्रहण 2022: आज साल का आखिरी सूर्यग्रहण, सूर्य ग्रहण के चलते बंद हुए प्रदेश के प्रसिद्ध चारधाम के कपाट

सूर्यग्रहण: आज साल का आखिरी सूर्यग्रहण है। सूर्य ग्रहण के चलते आज सुबह करीब 4:00 बजे गंगोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए हैं। अब कपाट शाम 6:00 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष कार्तिक अमावस्या तिथि पर लक्ष्मी-गणेश की पूजा करते हुए दिवाली का त्योहार मनाया जाता है और अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। लेकिन इस बार दिवाली के फौरन बाद ही आंशिक सूर्यग्रहण लगेगा।

कई वर्षों बाद दिवाली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा न होकर एक दिन का अंतर है। दिवाली और गोवर्धन पूजा के बीच सूर्य ग्रहण का ऐसा संयोग कई वर्षो बाद पड़ रहा है। एक गणना के अनुसार पिछले 1300 वर्षों बाद सूर्य ग्रहण दो प्रमुख त्योहार के बीच पड़ने के साथ बुध, गुरु, शुक्र और शनि सभी अपनी-अपनी राशि में मौजूद रहेंगे। साल का यह आखिरी आंशिक सूर्यग्रहण भारत के कई हिस्सों में दिखाई देगा। भारत में सूर्यग्रहण दिखाई देने से इसका सूतक काल मान्य होगा।

आपको बता दें कि प्रदेश के प्रसिद्ध चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत अन्य मंदिरों में आज श्रद्धालु दर्शन नहीं कर पाएंगे। सूर्य ग्रहण के कारण चारधाम के कपाट बंद रहेंगे। ग्रहण काल के दौरान मंदिरों में दर्शन, पूजन, आरती नहीं होगी। 19 नवंबर को बदरीनाथ, 27 अक्तूबर को केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हो रहे हैं। 26 अक्तूबर को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे।