कांग्रेस: 24 साल बाद कांग्रेस को मिला गैर-गांधी अध्यक्ष, थरूर को खरगे से मिली बड़ी हार, खरगे की जीत के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह

कांग्रेस अध्यक्ष: कांग्रेस को 24 साल बाद आज पहला गैर-गांधी अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने शशि थरूर को भारी मतों से हरा दिया है। कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खरगे की जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में जश्न का माहौल है। ढोल-नगारे बजाकर जश्न मनाया जा रहा है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने 7897 वोटों से जीत हासिल की है जबकि शशि थरूर को करीब 1000 वोट मिले। आठ गुना ज्यादा वोटों से  खरगे को जीत मिली है। इस तरह से कांग्रेस को 24 साल बाद गैर गांधी अध्यक्ष मिल गया है।

शशि थरूर ने अपनी हार मानते हुए ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस के अध्यक्ष का पद पाना बड़े सम्मान की बात है और यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं चाहता हूं कि खरगे जी इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करे। एक हजार से अधिक सहयोगियों का समर्थन प्राप्त करना, और पूरे भारत में कांग्रेस के इतने शुभचिंतकों की आशाओं और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।

देशभर में करीब 22 वर्षों बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग हुई थी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में 17 अक्टूबर को मतदान हुए। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार (17 अक्तूबर) को मतदान किया था।