भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मे बेटे राहुल का साथ देने पहुँचेंगी सोनिया गांधी, 6 अक्तूबर को यात्रा में होंगी शामिल

भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु और केरल के बाद अब कर्नाटक पहुंच गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मैसूर पहुंच गईं हैं। वह आगामी छह अक्टूबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगी, पार्टी महासचिव व कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि सोनिया गांधी छह अक्तूबर को मांड्या में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि दशहरे के कारण चार और पांच अक्टूबर को यात्रा को विश्राम दिया जाएगा और फिर छह अक्टूबर की सुबह यात्रा प्रारंभ होगी। सोनिया के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भी मैसूर पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि प्रियंका अब शुक्रवार को यात्रा में शामिल होंगी जब यह यात्रा नागमंगला मांड्या जिले से होकर गुजरेगी।

स्वास्थ्य कारणों के चलते वह पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं कर सकी हैं। लंबे समय बाद सोनिया गांधी पार्टी के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगी l राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा ऐप लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए एक ऐप लॉन्च किया हैं। इसमें यात्रा का लाइव लोकेशन देख सकते हैं। साथ ही इसको डाउनलोड कर अपना नंबर डालकर यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे l इस ऐप में लोग अपने सुझाव भी दे सकते हैं।