यूपी: मैनपुरी उपचुनाव में शिवपाल को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा, सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल शामिल

मैनपुरी उपचुनाव: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई है। अब इस सीट पर सपा की तरफ से डिंपल यादव का प्रत्याशी बनाया गया है। डिंपल यादव के खिलाफ भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को उतारा है।

मैनपुरी उप चुनाव में मुलायम के छोटे भाई शिवपाल की भूमिका को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव का नाम भी शामिल किया है। हालांकि शिवपाल अभी तक उपचुनाव से दूर हैं। सपा की उम्मीदवार डिंपल यादव के मैनपुरी में नामांकन दाखिल करने के समय शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव मौजूद नहीं थे। डिंपल की उम्मीदवारी और सपा के चुनाव प्रचारकों की सूची में शिवपाल का नाम शामिल किए जाने पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

पार्टी के महासचिव प्रो रामगोपाल यादव की ओर से चुनाव आयोग को भेजी गई सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, किरनमय नंदा, प्रो रामगोपाल यादव, आजम खां, जया बच्चन, नरेश उत्तम पटेल के बाद शिवपाल सिंह यादव का नाम है। इसी तरह माता प्रसाद पांडेय, स्वामी प्रसाद मौर्य, डॉ. मनोज पांडेय, धर्मेंद्र यादव, राजाराम पाल सहित कुल 40 लोगों को सूची में शामिल किया गया है। यहां उपचुनाव पांच दिसंबर को होंगे और परिणाम की घोषणा आठ दिसंबर को की जाएगी।