दिल्ली: पैंथर्स पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और आप के पूर्व विधायक मनकोटिया दिल्ली रवाना, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज

दिल्ली: कुछ दिनों से पैंथर्स पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और आप के पूर्व नेता बलवंत सिंह मनकोटिया के छह पार्षदों सहित भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही हैं। हालांकि इसकी पुष्टी नहीं हुई है। इस बीच उन्हें आम आदमी पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया।

करीब छह महीने पहले ही मनकोटिया ने हर्ष देव सिंह के साथ विवाद होने के बाद पैंथर्स पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। वह डोगरा क्रांति दल के बैनर तले ही अपने कार्यक्रम आयोजित करते थे।

इसी बीच जब उनके छह पार्षदों ने भाजपा के चार के पार्षदों के साथ मिलकर नगर परिषद चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया तो उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगीं। जब मनकोटिया दिल्ली के लिए रवाना हुए तो शहर में फिर चर्चा का बाजार गर्म हो गया।

वहीं जम्मू में जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से मनकोटिया के पार्टी में शामिल होने के बारे में पूछा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहकर बात को टाल दिया कि बलवंत सिंह मनकोटिया एक बड़े धाकड़ नेता हैं।