Uttar Pradesh

नवरात्रि 2022: शारदीय नवरात्रि की नवमी पर सीएम योगी ने विधि-विधान के साथ किया कन्या पूजन, कहा-मातृशक्ति की आराधना हमारे देश की संस्कृति

नवरात्रि 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे मां भगवती के नवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आराधना की। उसके बाद शारदीय नवरात्रि की नवमी पर गोरखनाथ मंदिर स्थित भवन में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया। सीएम योगी ने कन्या स्वरूप मां के पहले पैर पखारे उसके बाद उन्होंने तिलक आदि कर उनको भोजन कराया। इसके बाद सीएम योगी ने उनका आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परंपरागत कन्या पूजन के बाद  मां भगवती के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं, एक बटुक भैरव के पांव पखारकर पहले पूजा-अर्चना की, उसके बाद अपने हाथों से भोजन कराकर दक्षिणा के साथ उनकी विदाई की। इस दौरान मंदिर में पहुंची अन्य कन्याओं को भी उसी श्रद्धाभाव से भोजन कराया गया और विदाई की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की आराधना हमारे देश की संस्कृति है। इसीलिए नवरात्र के नवें दिन कन्या पूजन का विधान है। कन्या पूजन का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित था। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले आमंत्रित कन्याएं पूजन स्थल पर पहुंच गईं। सबसे पहले उन्होंने बारी-बारी से थार में नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव को खड़ा कर उनका पांव पखारा। उसके बाद टीका लगाकर चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारी। पूजा के बाद कन्या भोज का कार्यक्रम शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री एक-एक सभी कन्याओं के पास गए और उनकी थाली में अपने हाथों से भोजन परोसा और बाकायदा पूछ-पूछ कर खिलाया। इस दौरान वह बच्चों को दुलराते भी रहे। भोजन के बाद मुख्यमंत्री ने सभी कन्याओं की अपने हाथ से दक्षिणा देकर सम्मान के साथ विदा किया।

Most Popular