यूपी: मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने किया नामांकन, 5 दिसंबर को होगा मतदान

मैनपुरी: मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के तहत पांच दिसंबर को मतदान होगा। इस चुनाव के लिए सपा से मुलायम सिंह यादव की बहू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने नामांकन कर दिया है। आज भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने नामांकन किया।

सबसे पहले रघुराज सिंह शाक्य मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने निर्धारित समय से पहले ही कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी ने दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है। प्रस्तावकों में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान और भोगांव विधायक पंडित रामनरेश अग्निहोत्री उनके साथ रहे।

रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि ‘मैं जनता का सेवक, किसान का बेटा हूं, चुनाव जीतने के बाद भी आप सभी के बीच में ही रहूंगा।बता दें पूर्व भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य एक बजे नामांकन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने 11 बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा और भाजपा में सीधी टक्कर मानी जा रही है। भाजपा ने शाक्य वोटरों की संख्या को देखते हुए दांव खेला है। जातीय समीकरण को देखा जाए तो शाक्य इस सीट पर दूसरे नंबर पर हैं। डिंपल यादव ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था, जिसके बाद सपाई चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है।