दिल्ली: आज दिल्ली में होगी राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, भाजपा के खिलाफ तैयार होगा एजेंडा, 24 राज्यों के पदाधिकारी होंगे शामिल

RJD: आज दिल्ली मे बिहार में सत्ताधारी लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में होगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 24 राज्यों के पदाधिकारी शामिल होंगे l इसके साथ ही लगभग तीन हजार के करीब राजद कार्यकर्ता और नेता आज की बैठक में शामिल होने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजनीतिक, आर्थिक और विदेश मामलों पर प्रस्ताव रखा जाएगा।

इस बैठक के बाद कल यानी 10 अक्तूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित होनी है, जिसमें लालू यादव को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके बाद नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में खुले अधिवेशन में पास प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। 10 अक्तूबर को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में 5000 लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आज होने वाली राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी का मुख्य एजेंडा भाजपा को सत्ता से बेदखल करना होगा। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बताया कि पूरे देश को संदेश देने के लिए बैठक का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है। इस बैठक में अगले चुनाव में भाजपा के खिलाफ रणनीति तैयार की जाएगी। आपको बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल की दिल्ली में हो रही दिन की बैठक को 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव की रूपरेखा और रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा हैं।