मौसम अपडेट: कई राज्यों से मॉनसून की विदाई तो कहीं बाकी, यूपी, उत्तराखंड समेत कुछ राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम अपडेट: उत्तर भारत के कई राज्यों में इस हफ्ते हल्की बारिश होने की संभावना है। कई राज्यों से मॉनसून की विदाई हो गई है। वहीं, कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां से मॉनसून की विदाई अभी होनी है। पिछले कुछ सालों की भांति इस बार भी मानसून की देश में औसत से ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि यूपी, बिहार, झारखंड व पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में यह अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। यूपी के अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना जताई है। औपचारिक रूप से देखें तो 30 सितंबर को वर्षाकाल समाप्त हो चुका है। अब होने वाली बारिश शीतकालीन वर्षा मानी जाती है।

देश के अधिकतर राज्यों से दक्षिण-पूर्व मानसून 2022 की विदाई हो चुकी है। हालांकि, यूपी, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में यह अब भी सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बनने और यूपी में चक्रवाती हवाओं के चलते देश के कुछ भागों में अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

चूंकि बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती हवाओं से नमी मिलना जारी है, इसलिए छुटपुट बारिश का सिलसिला अब भी जारी रह सकता है। इस बीच, मौसम विभाग ने यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल के कुछ इलाकों समेत देश के कुछ हिस्सों में आज से तीन चार दिनों तक वर्षा का अनुमान जताया है। बिहार, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह और सात अक्तूबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच से सात अक्तूबर, उत्तराखंड में छह और सात अक्तूबर को तेज बारिश हो सकती है।
*बिहार, ओडिशा, झारखंड में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
*पूर्वोत्तर भारत, कोंकण और गोवा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
*तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश, लक्षद्वीप और उत्तराखंड में हल्की बारिश संभव है।