देव दीपावली: राष्ट्रपति मुर्मू सात नवंबर को आ सकती है काशी, काशी में क्रूज से निहारेंगी देव दीपावली की अनुपम छटा

देव दीपावली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात नवंबर को देव दीपावली की अनुपम छटा निहारने के लिए दो दिवसीय प्रवास पर काशी आ सकती हैं। राष्ट्रपति के संभावित दौरे के लिए बरेका गेस्ट हाउस को तैयार कराया जा रहा है। फिलहाल प्राथमिक सूचना के बाद अब तक राष्ट्रपति के काशी आगमन का प्रोटोकाल नहीं आने पर अफसर संशय में हैं।

प्रशासनिक तैयारियों के अनुसार विशेष विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंचेंगी। वहीं पर उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से बरेका परिसर पहुंचेंगी। यहां सड़क मार्ग से गेस्ट हाउस जाएंगी और वहां विश्राम करने के बाद शाम को सड़क मार्ग से ही नमो घाट जाएंगी।

यहां से जलयान से गंगा घाटों की सुंदरता और दीपोत्सव का अवलोकन करेंगी। रात्रि विश्राम करने के बाद दूसरे दिन आठ नवंबर को दिल्ली लौट जाएंगी।