देश में कोरोना अपडेट: देश में कोरोना वायरस के केसों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी, बीते 24 घंटे में मिले 2,797 मामले

देश में कोरोना: देश में कोरोना वायरस के केसों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। देश में एक बार फिर कोरोना केसों में उछाल देखने को मिला है। बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के ढाई हजार से अधिक केस सामने आए हैं। कल के मुकाबले आज नए संक्रमित मरीजों की दैनिक संख्या में 800 केसों की वृद्धि हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 2,797 नए मामले सामने आए और 3,884 लोग ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। एक दिन पहले के मुकाबले आज सक्रिय मामले 29,251 रह गए हैं। एक दिन पहले तक 30,362 सक्रिय मामले थे। वहीं, देश में दैनिक सकारात्मकता दर 1.05 फीसद है।

बता दें कि एक दिन पहले देश में कोरोना के 1,997 मामले मिले थे। जबकि आज ये आंकड़ा 2,797 हो गया है। इसके साथ ही देश में पांच लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पांच लाख 26 हजार 778 लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं, देश में कोरोना टीकाकरण अभियान भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में अब तक 218 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। 218 करोड़ 93 लाख 14 हजार 422 वैक्सीन की अब तक डोज दी जा चुकी है। जल्द ही ये आंकड़ा 219 करोड़ के आंकड़े को छू लेगा। देश में चार करोड़ 40 लाख 51 हजार 228 लोग कोरोना महामारी से ठीक हो चुके हैं।