यूपी: एक बार फिर इंसानियत हुई शर्मसार, बम फटने से गाय के जबड़े के उड़े चीथड़े, पुलिस द्वारा खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

कानपुर: कानपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। कानपुर में काकादेव के नवीन नगर में एक गाय के जबड़े में बम फट गया। इससे जबड़े के चीथड़े उड़ गए। गुरुवार देर शाम जब सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हुआ तब पुलिस व नगर निगम के अफसर सक्रिय हुए। तत्काल उसका इलाज शुरू कराया गया।

काकादेव पुलिस जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या कहीं पड़ बम गाय ने खा लिया और फट गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह तो स्पष्ट हो गया कि पटाखा फटने से ही गाय का जबड़ा फटा है। घटनास्थल स्पष्ट न होने से पुलिस को जांच में थोड़ी परेशानी हो रही है। साथ ही, फुटेज जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, किसी की शरारत सामने आई तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। साथ ही, सख्त से सख्त कार्रवाई भी होगी। उधर नगर निगम की टीम ने गाय का इलाज शुरू कराया है।

कूड़े के ढेर के पास का भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें गाय खड़ी दिखाई दे रही है। पुलिस पता कर रही कि कहीं उसी ढेर से पटाखा, तो गाय ने नहीं खा लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में इसकी आशंका अधिक है। सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। एक दो और वीडियो मिले हैं। आशंका है कि कूड़े के ढेर में पड़ा पटाखा गाय ने खा लिया और वह फट गया। जांच जारी है।