एक्टिवा सवार दो युवकों को ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मारी जिसमें एक की मौत

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के रायपुर खुर्द एरिया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से एक्टिवा सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पीसीआर ने दोनों घायलों को जीएमसीएच 32 में भर्ती करवाया। घायलों की पहचान नयागांव स्थित दशमेश नगर के रहने वाले पंकज कुमार और उनके रिश्तेदार धीरज कुमार के तौर पर हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंकज कुमार की पीजीआइ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं  धीरज कुमार की शिकायत के आधार पर मौलीजागरां थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रही है।

शिकायतकर्ता नयागांव निवासी धीरज कुमार ने बताया कि वह एक्टिवा से अपने रिश्तेदार पंकज के साथ मौलीजागरां गया हुआ था। वापस आते वक्त रायपुर खुर्द एरिया में स्लिप रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों गिर गए और एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए।

सिटी ब्यूटीफुल में तेज रफ्तार का कहर जारी है और जिंदगियां खत्म होती जा रही हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह के पांच दिनों की बात करें तो शहर में अलग अलग जगह हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला कांस्टेबल सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों मामलों में आरोपित ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ गया है।

पहला हादसा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित गरचा टर्न प्वाइंट पर शनिवार सुबह हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक चालक की एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल अवस्था में जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बापूधाम कॉलोनी में रहने वाले 44 वर्षीय विजेंदर कुमार के तौर पर हुई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपित चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के रहने वाले नीरज के तौर पर हुई। आरोपित को जमानत पर छोड़ दिया गया। मृतक विजेंदर सिंह की जीरकपुर के बलटाना में कपड़े की दुकान है।

ट्रिब्यून चौक के स्लिप रोड पर एक्टिवा सवार चंडीगढ़ पुलिस की महिला कांस्टेबल को बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला कांस्टेबल पूनम को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर पंजाब नंबर पीबी 65 जे 0197 का ट्रक भी जब्त कर लिया। महिला कांस्टेबल पूनम की ड्यूटी सेक्टर-31 थाने में थी। उसके पति निजी जॉब करते हैं और एक तीन साल का बेटा भी है। परिवार के साथ कांस्टेबल पूनम जीरकपुर में रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *