नई बीमारी: यूपी में अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा स्वरूप के बाद पहली बार मिला कोरोना का कप्पा वैरिएंट, मचा हड़कंप

अभी तक कोरोना वायरस के 120 से भी अधिक म्यूटेशन की पहचान भारत में हुई है, लेकिन इनमें से अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा स्वरूप ने सबसे अधिक असर दिखाया है।यूपी में कप्पा वैरिएंट पहली बार मिला है। इस वैरिएंट को वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट घोषित किया जा चुका है। वहीं, कोरोना वायरस के नए स्वरूप, डेल्टा, डेल्टा प्लस और कप्पा वैरिएंट की पुष्टि के बाद शासन ने पूरे मामले की जानकारी बीआरडी मेडिकल कॉलेज प्रशासन से मांगी है। संक्रमितों का नाम पता सहित पूरा ब्योरा मांगा गया है।   

माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अमरेश सिंह ने बताया कि कोरोना का कप्पा वैरिएंट यूपी में पहली बार मिला है। इसके बी.1.617 वंश के म्यूटेशन से ही पैदा हुआ है, जो डेल्टा वैरिएंट के लिए भी जिम्मेदार है। बी.1.617 के एक दर्जन से ज्यादा म्यूटेशन हो चुके हैं। इनमें से दो खास हैं- ई484क्यू और एल452आर, इसलिए इस वैरिएंट को डबल म्यूटेंट भी कहा जाता है। जैसे-जैसे यह विकसित होगा, बी.1.617 की नई वंशावली तैयार होगी। बी.1.617.2 को डेल्टा वैरिएंट के नाम से जाना जा रहा है, जोकि भारत में कोरोना की दूसरी लहर के लिए जिम्मेदार माना जाता है। इसके अन्य वंश बी.1.617.1 को कप्पा कहा जाता है। इसे अप्रैल में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट घोषित किया है।

कोरोना का डेल्टा प्लस वैरिएंट बेहद खतरनाक माना जा रहा है। इसे हाल ही में भारत में वैरिएंट ऑफ कंसर्न घोषित किया गया है ,इसकी वजह से कई मरीजों की मौत हो चुकी है। यूपी में संभवत: डेल्टा प्लस का पहला मामला गोरखपुर में मिला है। डेल्टा प्लस के दो मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है। यह मरीज देवरिया का रहने वाला था। उसकी उम्र 66 साल थी। डेल्टा प्लस की दूसरी मरीज 23 साल की एमबीबीएस की छात्रा है। वह बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करती है। लखनऊ की रहने वाली है। हालांकि छात्रा पूरी तरह से ठीक हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *