यूपी: मैनपुरी सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए डिंपल यादव एक से दो के बीच आज करेंगी नामांकन, अखिलेश यादव भी रहेंगे साथ

मैनपुरी: संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है।

10 नवंबर से उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है।11 नवंबर को सपा जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य ने डिंपल यादव के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचकर चार सेटों में नामांकन पत्र खरीदा था। सोमवार को डिंपल यादव पति अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगी। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। उनके साथ सपा जिला अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। डिंपल यादव दोपहर एक से दो बजे के बीच वे नामांकन दाखिल करेंगीं। नामांकन को देखते हुए कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने के आदेश प्रशासन ने दिए हैं।

2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट से मुलायम सिंह यादव सांसद चुने गए थे। बीते 10 अक्तूबर को उनके निधन के बाद मैनपुरी सीट खाली हो गई है। इस पर पांच नवंबर को चुनाव आयोग ने उप चुनाव की घोषणा कर दी थी। उप  चुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 10 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। डिंपल यादव पूर्व में फिरोजाबाद और कन्नौज से भी लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। वहीं अब वे मैनपुरी से चुनावी मैदान में हैं।