हरियाणा: आज हिसार में अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान , मेक इंडिया नंबर वन अभियान करेंगे शुरू, युवाओं को साधेंगे दोनों सीएम

हरियाणा: केंद्र सरकार ने मेक इन इंडिया का स्लोगन दिया था। अब अरविंद केजरीवाल ने मेक इन इंडिया से मिलते-जुलते मेक इंडिया नंबर वन को हिसार से आज लांच करेंगे। इसमें युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं के साथ सीधा संवाद होगा। पंजाब में बड़ी जीत के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा में किस्मत आजमाना चाहती है।

अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा मिशन 2024 की तैयारी कर ली है। आज हरियाणा की धरती पर दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री अपना सियासी कद दिखाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान हिसार में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और नए कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग करवाएंगे। इस दौरान केजरीवाल दिल्ली सरकार और भगवंत मान पंजाब सरकार के कार्यों का बखान करेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की राजनीति में बड़ा संदेश देने के लिए आदमपुर के गढ़ में जाकर चुनौती देने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी ने भी अब भाजपा की तरह चुनाव से दो-ढाई साल पहले ही चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

यूथ बिग्रेड के माध्यम से दोनों सीएम यह संदेश देंगे कि आम आदमी पार्टी दोनों राज्यों में बेहतर काम कर रही है। मुफ्त बिजली के अलावा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का काम पड़ोसी राज्य ने कर दिया है। इसके अलावा मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली और पंजाब दोनों ही जगह स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में प्रभावी साबित हो रहे हैं। दिल्ली के स्कूलों को लेकर भी केजरीवाल युवाओं को संदेश देंगे। इसी तर्ज पर हरियाणा में काम करने की नींव रखी जाएगी।

भाजपा नेता सोनाली फोगाट के निधन पर उनके घर जा कर दोनों नेता शोक जताएंगे। केजरीवाल के जारी कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर एक बजे वे हिसार स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे। इससे पहले कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने का काम किया जाएगा। दोपहर 3 बजे, बालसमंद रोड हिसार स्थित मिलेनियम पैलेस में युवाओं के साथ संवाद करेंगे।