दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मिला मंकीपॉक्स का नौवां मरीज, नाइजीरियाई महिला का टेस्ट आया पॉजिटिव

मंकीपॉक्स: कोरोना संक्रमण का खतरा अभी पूर्ण रूप से खत्म भी नहीं हो पाया था कि अब मंकीपॉक्स का खतरा शुरू हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना केस के बीच मंकीपॉक्स भी डराने लगा है। दिल्ली में सोमवार को मंकीपॉक्स का 9वां मामला आया है, जिसमें नाइजीरियाई महिला का मंकीपॉक्स टेस्ट पॉजिटिव आया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

इससे पहले शुक्रवार को मंकीपॉक्स का आठवां मरीज मिला था। पहले ही अफ्रीका मूल की महिला को मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने के बाद लोकनायक अस्पताल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार को उक्त महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

दिल्ली में अभी तक मंकीपॉक्स के नौ मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से 5 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन मरीज अस्पताल में ही भर्ती हैं। इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि अस्पताल में मंकीपॉक्स के संक्रमण के साथ भर्ती हुए किसी मरीज की हालत ज्यादा गंभीर नहीं हुई है। अस्पताल में मंकीपॉक्स से संक्रमित तीन महिलाएं भर्ती हैं। सभी महिलाएं अफ्रीका मूल की हैं। उन्होंने कहा कि इनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।