मोरबी पुल हादसा: हाईलेवल मीटिंग के बाद ब्रिज हादसे पर गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक, आज PM जाएंगे मोरबी

मोरबी पुल हादसा: गुजरात के मोरबी में रविवार को माच्छू नदी पर बना झूलता पुल टूट गया था। उस वक्त पुल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गुजरात के मोरबी पुल हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम गांधीनगर में हाईलेवल मीटिंग बुलाई। पीएम ने कहा कि पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाए। बैठक में हादसे पर शोक व्यक्त करने के लिए 2 नवंबर को गुजरात में राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया। इस दिन राज्य में सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी और चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी समेत तमाम सीनियर ऑफिसर्स मौजूद रहे। PM मोदी आज दोपहर बाद मोरबी जाएंगे। इस बीच, पुलिस ने हादसे के आरोपियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को पुल का रखरखाव करने वाली ओरेवा कंपनी के 2 मैनेजर, ब्रिज की रिपेयरिंग करने वाले दो कॉन्ट्रैक्टर, दो टिकट क्लर्क और तीन सिक्योरिटी गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस हादसे के बाद अहमदाबाद के अटल ब्रिज के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। यहां 1 घंटे में 3000 लोग ही जा सकेंगे। यह अलर्ट अहमदाबाद नगर निगम ने जारी किया है।  50 लोगों की टीम पुल हादसे की जांच में जुटी है।

गुजरात के मोरबी पुल हादसे में मृतकों की संख्या सोमवार सुबह 134 पहुंच गई। इनमें 45 की उम्र 18 साल से कम है। मृतकों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है। 170 लोग रेस्क्यू किए गए हैं। हादसा रविवार शाम 6.30 बजे तब हुआ, जब 765 फीट लंबा और महज 4.5 फीट चौड़ा केबल सस्पेंशन ब्रिज टूट गया। 143 साल पुराना पुल ब्रिटिश शासन काल में बनाया गया था। यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत की गई थी। हादसे से 5 दिन पहले 25 अक्टूबर को यह ब्रिज आम लोगों के लिए खोला गया। रविवार को यहां भीड़ क्षमता से ज्यादा हो गई। हादसे की भी यही वजह बताई जा रही है।