पंजाब: भगवंत मान सरकार ने प्रदेश में 500 और नए आम आदमी क्लीनिक खोलने का किया ऐलान, 26 जनवरी को मिलेगी सौगात

पंजाब: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने जनता की सुविधाओं को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में 500 और नए आम आदमी क्लिनिक खोलने का ऐलान किया है। सरकार 26 जनवरी को इन्हें प्रदेश की जनता को समर्पित करेगी। इससे पहले सीएम भगवंत मान ने 15 अगस्त को 100 आम आदमी क्लीनिक की शुरूआत की थी।

आम आदमी क्लीनिकों में बीते चार महीनों के दौरान पांच लाख से अधिक लोग पहुंचे हैं। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने बताया कि राज्य भर में आम आदमी क्लीनिकों को आम लोगों का भरपूर समर्थन मिला है और क्लीनिकों पर रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या आठ हजार से पार हो गई है।

जौड़ामाजरा ने बताया कि अब तक 5,35,487 आम लोग क्लीनिकों पर अपना उपचार और 69,870 लोग अलग-अलग टेस्ट करवा चुके हैं। सबसे अधिक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मोहाली सबसे आगे है। सभी जिले में आम लोग इलाज कराने आम आदमी क्लीनिकों में पहुंच रहे हैं।