यूपी: बदायूं में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा, ‘सात तारीख का चुनाव BJP को सात समंदर दूर फेंक देगा’

बदायूं: लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम पार्टियों के नेता जगह-जगह जनसभा और रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज अखिलेश यादव ने यूपी के बदायूं में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बता दें कि अखिलेश यादव ने शनिवार को सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के समर्थन में सहसवान के नाधा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर जमकर सियासी तीर चलाए। चचेरे भाई आदित्य यादव के लिए जनता से वोट देने की अपील की।

बदायूं के सहसवान के नाधा में आयोजित चुनावी सभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ये वो क्षेत्र है जहां पर समाजवादियों को ताकत मिलती है। गुन्नौर के बाद अगर सबसे बड़ी जीत कहीं होने जा रही है तो सहसवान विधानसभा क्षेत्र में होने जा रही है। सहसवान के लोग ज्यादा मतों से जिताएंगे या फिर जसवंतनगर के लोग जिताएंगे। बदायूं की जनता ने इतना प्यार दिया है कि अब चाचा सहसवान के होकर रह जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि सात तारीख का चुनाव भाजपा को सात समंदर दूर फेंक देगा। यह तीसरा चरण उनका सफाया करने जा रहा है। इन्होंने कोई वर्ग नहीं छोड़ा, जिससे नकली बात न की हो। अखिलेश यादव ने कोविड वैक्सीन को लेकर भी भाजपा पर सियासी वार किए। कहा कि इस सरकार से सिर्फ संविधान को ही नहीं, हमारी आपकी जान को भी खतरा है।

अखिलेश यादव ने कहा यही लोग कहते थे कि आय दोगुनी कर देंगे। किसान हिसाब किताब लगाता है तो घाटा हो रहा है। सपा मुखिया ने कहा कि जो लोग कहते थे कि आय दोगुनी कर देंगे, वो लोग किसानों की जमीन छीन लेना चाहते थे। वही लोग तीन काले कानून लाए थे। किसानों के आंदोलन के चलते कानून वापस लेने पड़े थे लेकिन अभी लड़ाई खत्म नहीं हुई है। यह वही लोग हैं जो एमएसपी की गारंटी नहीं दे रहे हैं। सरकार बनने के बाद एमएसपी का कानून हक दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *